बिक्री बंद करवाई पर सील नहीं किए मशीन और टैंकर
फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी के पास स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप में ईंधन की जगह पानी निकलने की शिकायत पर कार्रवाई लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी और पुलिस दोनों ही फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग ने पंप से ईंधन की बिक्री बंद करवा दी है, हालांकि पंप की मशीन और टैंकों को सील नहीं किया गया है।
शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे दस पंद्रह महिला पुरुषों ने सैनिक कॉलोनी के पास स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मन्नू पेट्रोलियम पंप पर हंगामा किया था। बोतलों में पानी मिला पेट्रोल लिए हुए इन लोगों का आरोप था कि पंप पर पानी की मिलावट वाला ईंधन बेचा जा रहा है। हंगामे की शिकायत पर मौके पर पहुंचे अनखीर चौकी इंचार्ज सुरेंदर सिंह से लोगों ने पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पेट्रोल में मिलावट है या नहीं इसकी जांच के लिए उन्होंने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी केके गोयल को सूचना देकर जांच कराने की मांग की। मौके पर पहुंचे खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षकों ने पंप की मशीन से पेट्रोल निकलवा कर सैंपल लिया। टीम ने पंप की मशीनें और टैंकर को सील नहीं किया लेकिन बिक्री बंद करवा दी। अनखीर चौकी इंचार्ज सुरेंदर सिंह ने बताया कि पंप की इंट्री और एक्जिट बंद करवा बिक्री रुकवा दी गई है। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी केके गोयल ने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजा गया है, सोमवार या मंगलवार तक रिपोर्ट आ जाएगी, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।