फरीदाबाद। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के तहत सेक्टर-8 थाना पुलिस ने 2024 में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामले में जब्त 346 पेटी यानी 4152 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब को अदालत के आदेश पर नष्ट कराया। शराब का निस्तारण ड्यूटी मजिस्ट्रेट, आबकारी निरीक्षक और थाना प्रभारी की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया।
पुलिस ने जब्त शराब के निस्तारण के लिए अदालत में आवेदन किया था। पुलिस की पैरवी के बाद न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमआईसी) वीरेंद्र कुमार की अदालत ने शराब को नष्ट करने के आदेश दिए। आदेश के पालन में ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजीव कुमार, आबकारी निरीक्षक और थाना सेक्टर-8 प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह की निगरानी में शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद