फरीदाबाद बीके नागरिक अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाती महिला।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। जिले में कोरोना रोकथाम के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को सेक्टर-16ए स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, छह सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों सहित कुल 19 जगहों पर टीकाकरण शिविर लगाए गए। इस दौरान 2925 लोगों को टीका लगाया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक माह से टीकाकरण अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। प्रतिदिन दस हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया जा रहा है। बुधवार को चाइल्ड इम्युनाइजेशन दिवस होने के कारण कम जगहों पर शिविर लगाए गए, लेकिन जानकारी के अभाव में अन्य दिनों की तरह बुधवार को भी लोग अल सुबह टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच गए। स्वास्थ्य केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। इस दौरान लोगों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। महिला कॉलेज में 500 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 425 लोगों को पहली डोज लगाई गई, जबकि 75 ने दूसरी डोज लगवाकर खुद को गंभीर संक्रमण से सुरक्षित किया। बुधवार को 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग में 2254 को टीका लगाया गया। 45 वर्ष व उससे अधिक आयुवर्ग में 581 को, आठ स्वास्थ्य कर्मियों एवं 82 फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाया गया।
------
दूसरी डोज लगवाने में कम रुचि ले रहे लोग
पहली डोज लगवाने के बाद दूसरी डोज लगवाने में लोग कम रुचि ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 14 लाख 58 हजार 881 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से मात्र साढ़े तीन लाख लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है, जबकि लगभग चार लाख लोगों की दूसरी डोज बाकी है। पहली डोज लगे 84 दिनों से अधिक हो गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए लोगों से दूसरी डोज लगवाने की अपील की गई है। टीका लगवाकर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।