बिल न भरने पर बिजली विभाग ने काटी सोसायटी की बिजली
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-76 एडल डिवाइन कोर्ट सोसायटी में बिल्डर द्वारा बिजली बिल नहीं भरने पर बिजली विभाग ने सोसायटी की बिजली काट दी है। इससे सोसायटी में अंधेरा छा गया है। सोसायटी निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने समय पर बिल नहीं भरता है। सब मीटर के नाम पर लोगों के अतिरिक्त रुपये मांगे जा रहे हैं, जिसे वह अदा नहीं करेंगे। वहीं बिल्डर का कहना है कि लोग लंबे समय से बिल नहीं भर रहे। अब बिजली कटने पर लोग या तो बिल भरें या फिर अंधेरे में रहें। उधर, बिजली निगम के एसई प्रदीप चौहान ने इस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
एडल डिवाइन कोर्ट सोसायटी में करीब 75 परिवार रहते है। काफी समय से लोगों और बिल्डर के बीच बिजली बिलों को लेकर विवाद चल रहा है। पिछले दिनों लोगों ने बिल्डर की मनमानियों से तंग आकर अपने व्यक्तिगत विद्युत कनेक्शन की मांग बिजली निगम से मांग की। इसको लेकर वे जिला उपायुक्त अतुल द्विवेदी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन भी सौंप चुके हैं।
जिला उपायुक्त ने बिजली निगम को पत्र लिखकर लोगों की समस्या के समाधान के आदेश दिए थे। वहीं बिजली निगम का ऐसा कोई नियम नहीं है कि सोसायटी में लोगों को अपने व्यक्तिगत कनेक्शन दिया जा सके। लोगों का आरोप है कि बिल्डर सब मीटर के हिसाब से बिल के अलावा एक मुश्त राशि की भी मांग करता है, जिसका कई लोग विरोध कर रहे थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे बिजली विभाग ने बिल्डर द्वारा बकाया बिल जमा नहीं करने पर सोसायटी का कनेक्शन काट दिया। इससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। एडल बिल्डर कंपनी के प्रतिनिधि विवेक गुप्ता का कहना है कि हर माह सोसायटी का करीब 17 लाख रुपये का बिल आता है। लोग बिल नहीं भरते है। मार्च तक कंपनी ने अपनी जेब से बिल भरा। अब वह करीब 70 लाख रुपये बिल के भर चुके है। सोसायटी के लोग जब उन्हें बिल नहीं देंगे तो वे कब तक अपनी जेब से भरेंगे। लोग नहीं भरेंगे बिल तो रहें अधेरे में। वह इस मामले में कुछ नहीं कर सकते। वहीं इस मामले में बिजली विभाग के ग्रेटर फरीदाबाद के कार्यकारी अभियंता विकास मोहन दहिया ने चुप्पी साधी हुई है। मामलों की जानकारी के लिए उनसे कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।