फरीदाबाद में डेंगू के तीन और मामलों की पुष्टि
फरीदाबाद। मौसम में आये बदलाव के बाद डेंगू और मलेरिया के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को जिला मलेरिया विभाग ने डेंगू के तीन नए मामलों की पुष्टि की है। इसके बाद कुछ मामलों की संख्या 13 हो गई है। हालांकि, इनमें से डेंगू पीड़ित एक रोगी गुरुग्राम का रहने वाला है। तीनों मरीजों का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरीजों की हालत में सुधार है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को भी डेंगू के तीन मामलों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई थी। इसके बाद कुल मामलों की संख्या 7 से बढ़कर 10 पहुंच गई थी। सोमवार को एक बार फिर डेंगू के 3 मरीजों की पुष्टि हुई। तीनों नए मरीजों की पुष्टि मलेरिया विभाग ने की है, जिन्हें निजी अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों मरीजों की हालत में सुधार है। रविवार तक मलेरिया के मरीजों की संख्या 118 थी जो अब बढ़कर 122 पहुंच गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ रामभगत ने बताया कि मलेरिया का असर अभी अगले 15 दिन तक रहेगा। हालांकि अब पहले की तुलना में मरीजों के आने की संख्या काफी कम हो गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल डेंगू के 3 मरीज सामने आए हैं, जिसमें से एक मरीज गुरुग्राम जिले का है। उन्होंने बताया कि सभी की हालत में सुधार है। ब्यूरो