फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण से पीड़ित नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने 143 नए मामलों की पुष्टि की। इस दौरान 74 मरीज स्वस्थ हुए। सभी मामलों की पुष्टि शहर के पॉश इलाकों से हुई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में उपचाराधीन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 742 हो गई। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज बढ़कर 11 हो गए। राहत रही कि उपचाराधीन मामलों में सर्वाधिक घर में ही इलाज ले रहे हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों में से कोई भी आईसीयू, ऑक्सीजन व वेंटिलेटर पर नहीं है।
संक्रमण का गढ़ कुछ खास इलाके बन रहे हैं। इसमें सेक्टर-21 व 16 में सर्वाधिक मामलों की पुष्टि हो रही है। इसी तरह चार्मवुज विलेज, ग्रीन फील्ड क्षेत्र, सेक्टर-15, सेक्टर-46, सेक्टर-7, 45,17 व 87 ऐसे क्षेत्र हैं जहां संक्रमण के मालमे तेजी से बढ़ रहे हैं। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में वैरिएयंट पुष्टि के लिए जीनोमसिक्वेंसिंग जांच के लिए भी सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट फिलहाल लंबित है। कोरोना से मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.85 प्रतिशत है। मौजूदा समय में हर सौ जांच नमूनों में आठ में संक्रमण की पुष्टि हो रही है। ऐसे में विभाग हर दिन जांच बढ़ाने की कवायद में जुटा है। बीते 24 घंटों में जिले में 1810 नए जांच नमूने लिए गए। फिलहाल पूरे जिले में निजी सरकारी लैब में 2013 नमूनों की रिपोर्ट लंबित है।
संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शहरी इलाके इसका गढ़ बन रहे हैं। इसमें पॉश इलाकों में मामले अधिक हैं। विभागीय कार्रवाई से इतर लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। यही संक्रमण रोकथाम का सही तरीका है।
- डॉ. रामभगत, कोविड-19 नोडल अधिकारी