संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर क्राइम थाना एनआईटी ने एक व्यक्ति की शिकायत पर 1.41 लाख रुपये ठगी का मामला दर्ज किया है। पीड़ित को आरोपी ने लेह में हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश कर रही है।
साइबर पोर्टल पर विक्रमादित्य राधू ने शिकायत देकर बताया कि उनको किराये पर लेह में हेलीकॉप्टर चाहिए था। उसके लिए 28 सितंबर को गूगल पर लेह हेलीकॉप्टर सर्विस के बारे में सर्च किया और एक लिंक खोला। वहां लिखे नंबर पर कॉल करने पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर बुकिंग की जानकारी भेजी। जहां एक पैकेज पसंद आने पर आरोपी से हेलीकॉप्टर बुकिंग पक्की करने के लिए कहा। तो आरोपी ने खाता नंबर भेजकर पहले पूरा पेमेंट करके के लिए कहा। उस पर विश्वास करके हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए 1,41600 रुपये भेज दिए। उसके बाद आरोपी ने कहा कि वह उसे अगले दिन पॉयलट का नंबर और बुकिंग की रशीद भेज देगा। उसके अगले दिन आरोपी को फोन किया तो बंद था। शक होने पर दोबारा उसी वेबसाइट पर जाकर देखा तो उसपर फ्रॉड की चेतावनी दी गई थी। इस शिकायत की जांच करने के बाद साइबर क्राइम थाना एनआईटी ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।