- 53 साल का आरोपी लगातार दे रहा था हरकत को अंजाम
- 17 नवंबर 2022 में पीड़िता ने दिया था बंगाल में बच्चे का जन्म
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने नाबालिग (12) से दुष्कर्म के आरोप में नाना (53) को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची ने पिछले साल नवंबर में एक बच्चे को जन्म दिया था। इस पर बंगाल पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करके फरीदाबाद पुलिस को भेज दिया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पल्ला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश ने बताया कि आरोपी (53) ने 12 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता रिश्ते में आरोपी की नातिन (बेटी की बेटी ) लगती है। आरोपी पीड़िता के सगे नाना का छोटा भाई है। बच्ची का परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। नवंबर 2022 में बच्ची व उसकी मां दुर्गा पूजा के लिए पश्चिम बंगाल गए थे। वहां बच्ची के पेट में दर्द होने पर अस्पताल ले जाया गया। जांच में पता लगा कि बच्ची गर्भवती है। 17 नवंबर को उसने बच्चे को जन्म दे दिया। मां ने जब इस बारे में बच्ची से पूछताछ की तो पता लगा कि उसके नाना के छोटे भाई ने दुष्कर्म किया है। जांच में सामने आया कि बच्ची के एक भाई और एक बहन हैं। दोनों ही माता-पिता के साथ मेहनत मजदूरी के लिए काम पर चले जाते थे। लड़की की मां बच्ची की सुरक्षा के लिए छोटे नाना के पास छोड़कर चली जाती थी। बच्ची को अकेला पाकर आरोपी बहला-फुसलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देता था। पीड़िता व उसका बच्चा बंगाल में हैं और सुरक्षित और स्वस्थ हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया।
-
बंगाल में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
थाना प्रभारी योगेश कटारिया ने बताया बिटिया ने बंगाल में बच्चे को जन्म दिया था। मामले का पता लगते ही परिजनों ने 19 नवंबर को पश्चिम बंगाल के मच्छीपारा थाने में शिकायत दी। बंगाल पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर डाक के माध्यम से फरीदाबाद पुलिस के पास मामला भेजा। डाक मिलने के बाद पल्ला थाने में 6 दिसंबर 2022 को आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी को गांव से ही पता लग गया था कि उसकी हरकत के बारे में पुलिस को पता लग गया है। इसके बाद से आरोपी फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल-बदलकर रहने लगा। बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।