फरीदाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा। यहां 22 जगह 110 उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी मॉनिटरिंग फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसीसी) से होगी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने योजना पर काम शुरू कर दिया है।
फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड को पूरे शहर में 150 जगहों पर 1500 कैमरे लगाने हैं। शहर के अंदर सभी जगह पर कैमरे लगा दिए गए हैं। लेकिन, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) से इजाजत न मिलने के कारण हाईवे पर कैमरे नहीं लग पा रहे थे। इस संबंध में स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से एनएचएआई को पत्र लिखा गया था, जिसकी अब अनुमति मिल गई है। अब तक 1250 कैमरे लगाए जा चुके हैं। हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। करीब 110 कैमरे सराय ख्वाजा से लेकर बल्लभगढ़ चौक तक लगाए जाएंगे।
कैमरे की मदद से हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने व आपराधिक घटनाओं पर नजर रखी जा सकेगी। शुरुआती चरण में हाईवे पर ट्रैफिक सिग्नल लगभग सभी जगह लगा दिए गए हैं। कुछ जगह कैमरे भी लगाए गए हैं लेकिन, अभी मॉनिटरिंग शुरू नहीं की गई है। इसके अलावा बाईपास रोड पर भी कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम कर लिया गया है। इनकी पिक्चर भी सेक्टर-20ए में बने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आनी शुरू हो चुकी है।
एक से डेढ़ माह में कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए जाएंगे।
- डॉ. गरिमा मित्तल, सीईओ, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड