एफसीटीएसएल संभालेगा बसों की कमान, शहर में बनेंगे 50 बस स्टॉप, सेक्टर-21 में डिपो का 90 फीसदी काम पूरा
9 करोड़ से सेक्टर-61 में बनेगा इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग स्टेशन
राहुल राज
फरीदाबाद। शहर में सिटी बसों के संचालन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब फरीदाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (एफसीटीएसएल) जिम्मेदारी संभालेगा। एफसीटीएसएल दिसंबर से फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की 100 अतिरिक्त सिटी बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी में है। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में 50 बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। वहीं, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-61 में बन रहे बस डिपो का काम लगभग पूरा हो चुका है।
गौरतलब है कि फरीदाबाद की आबादी करीब 25 लाख है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्पों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को निजी वाहनों और ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता है। नई बसें शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और निजी वाहन नहीं रखने वाले नागरिकों को राहत मिलेगी। इसका विशेष लाभ ग्रेटर फरीदाबाद, औद्योगिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों के लोगों को मिलेगा।
ग्रेटर फरीदाबाद और तिगांव क्षेत्र में सुविधा का विस्तार होगा
एफसीटीएसएल योजना के तहत आईएमटी, ग्रेटर फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और तिगांव क्षेत्र में परिवहन की सुविधा का विस्तार किया जाएगा। एफएमडीए की योजना के अनुसार फरीदाबाद से दिल्ली एम्स, फरीदाबाद से आनंद विहार और फरीदाबाद से राजेंद्र प्लेस, फरीदाबाद से गुरुग्राम समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर बस सेवा संचलित की जाएगी। एफएमडीए रूट को लेकर सर्वे करवा रहा है।
सेक्टर-61 में डिपो का काम अंतिम चरण में
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-61 में पांच एकड़ जमीन पर चार्जिंग स्टेशन और डिपो विकसित कर रहा है। इसका 90 फीसदी से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें छह करोड़ रुपये डिपो के निर्माण और तीन करोड़ रुपये इलेक्ट्रिकल कार्यों पर खर्च होंगे। फिलहाल जिले में 50 सिटी बसें चल रही हैं। नई 100 बसें शुरू होने से शहर में सिटी बसों का बेड़ा बढ़ेगा और सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता बेहतर होगी।
-
कई प्रमुख रूटों पर मिलेगी सुविधा
शहर में सिटी बस सेवा को सुगम बनाने के लिए एफएमडीए 50 बस स्टॉप बनाने की तैयारी कर रहा है। इन बस स्टॉप के निर्माण पर करीब 9.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बस स्टॉप बनने से यात्रियों को बस पकड़ने और उतरने के लिए निर्धारित स्थान मिलेगा। योजना के तहत बाईपास रोड, तिगांव रोड से बदरपुर के बीच, अमृता अस्पताल के पास, मंझावली रूट और बल्लभगढ़ रूट पर बस स्टॉप बनाए जाएंगे। इससे प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
-
वर्जन-
दिसंबर से 100 सिटी बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इससे स्थानीय लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। बसों के रूट निर्धारित करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद रूटों को अंतिम रूप दिया जाएगा।- धरमवीर गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, एफएमडीए