फरीदाबाद में प्रसव के लिए बीके अस्पताल में भर्ती हुई महिला को मृत जुड़वां बच्चे पैदा हुए हैं। महिला और परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने इलाज में देरी की, जिससे गर्भ में ही बच्चों की मौत हो गई। पीएमओ ने परिजनों की शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
शिव दुर्गा विहार लकड़पुर निवासी देवेंद्र ने 17 जनवरी की दोपहर गर्भवती पत्नी भावना को बीके में भर्ती कराया था। रात 11 बजे महिला की तबीयत बिगड़ गई। देवेंद्र का कहना है कि नर्स ने उन्हें बताया कि गर्भ में जुडवां बच्चे हैं। उसका आरोप है कि इसके बाद पत्नी को इलाज नहीं दिया गया।
बुधवार 8 बजे तक महिला इलाज के लिए तड़पती रही, लेकिन डॉक्टरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। आरोप है कि इसके चलते प्रसव होने से पहले ही गर्भ में दोनों बच्चों की मौत हो गई। परिजन इनेलो के अजय भड़ाना के साथ मामले की शिकायत करने पीएमओ सुरेश चंदर के पास गए। पीएमओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।