ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में बुधवार को लिफ्ट में गड़बड़ी आ जाने से एक महिला तीमारदार समेत दो लोग फंस गए। लिफ्ट का सायरन तथा अन्य बटन ने काम करना बंद कर दिया तो पीड़ित लोगों ने मोबाइल से 100 नंबर पर घटना की सूचना दी। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल के कर्मियों के साथ करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें निकाला।
एफएसओ मतलूम खान ने बताया कि 100 नंबर पर एक सूचना आई थी, जिसमें पता चला कि अस्पताल की लिफ्ट में महिला समेत दो लोग फंस गए। अस्पताल के कर्मचारी पहले से ही लिफ्ट खोलने का प्रयास कर रहे थे। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। एफएसओ ने बताया कि लिफ्ट में हुई गड़बड़ी की जांच कराई जा रही है।
इस बारे में शारदा यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता डॉ. अजीत कुमार का कहना है कि अस्पताल की लिफ्ट में कोई फाल्ट आ गया था, जिस कारण वह बंद हो गई। उस लिफ्ट में मरीज को देखने आई महिला और व्यक्ति बंद हो गए। कर्मचारियों तथा दमकल कर्मियों ने मिलकर उन्हें सकुशल निकाल लिया था। लिफ्ट में क्या फाल्ट हुआ था, उसकी जांच कराई जा रही है।