पुलिस को दी शिकायत में गुलशन विवांते निवासी सविता त्यागी ने कहा है कि शुक्रवार दोपहर सोसाइटी के टावर सी के नीचे कॉमन एरिया के पार्क में वह कुर्सी पर बैठी थीं। तभी वहां एक महिला पहुंची। महिला ने उन्हें वहां से उठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी महिला ने धमकी देते हुए दीदी को बुलाने की बात कही। कुछ देर बाद सोसाइटी निवासी फरीना वहां पहुंची। आरोप है कि फरीना ने आते ही चाकू निकालकर सविता की गर्दन पर रख दिया। उसने गर्दन काटने की धमकी दी। फरीना ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। उनकी सोने की चेन के अलावा फ्लैट की चाबी भी छीन ली।
दोनों महिलाओं ने सविता के फ्लैट में आग लगाने की धमकी दी। मौके पर पहुंचे सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी ने भी दोनों महिलाओं को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों नहीं रुकीं। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने लात मारकर सविता की कुर्सी गिराने का भी प्रयास किया। वहीं सेक्टर-142 थाना प्रभारी उत्तम कुमार का कहना है कि कॉमन एरिया में बैठने को लेकर पड़ोसी महिलाओं में विवाद हुआ है। फुटेज की जांच की जा रही है। इसमें अभी मारपीट आदि की बात सामने नहीं आई है।
बुजुर्ग महिला से मारपीट मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। -विशाल पांडेय, एडीसीपी सेंट्रल जोन