फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: बारिश भी नहीं डिगा पाई कॉकरोचों का हौसला, 13वें दिन भी जारी रहा प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
दीपके ने प्रदर्शनकारियों से मारपीट, फोन और व्हाट्सएप की निगरानी के लगाए आरोप
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर बीते 13 दिनों से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का हौसला बारिश भी नहीं डिगा पाई। उधर, बृहस्पतिवार को सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर छात्र, किसान, सामाजिक कार्यकर्ता और कई संगठनों के लोग मौजूद रहे।

वहीं, प्रदर्शन के समर्थन में आए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। हालांकि लगातार उपवास के कारण उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल गिरता जा रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही है। इस बीच उनकी पत्नी भी जंतर मंतर पहुंचीं और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रदर्शन में शामिल लोगों से भी बातचीत की।
विज्ञापन


पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद उस समय शुरू हुआ जब प्रदर्शन स्थल पर बनाए गए एक अस्थायी पुस्तकालय को हटाया गया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, यह पुस्तकालय कुछ छात्रों ने लगाया था, जहां प्रदर्शन में आने वाले लोगों के लिए इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों और महान व्यक्तित्वों से जुड़ी किताबें थीं। आरोप है कि पुस्तकालय हटाने के दौरान पुलिस ने किताबों को जमीन पर फेंक दिया और विरोध करने पर एक छात्र के साथ धक्का-मुक्की की। घटना के बाद छात्र ने मंच से अपनी बात रखते हुए कहा कि वह केवल लोगों को किताबें उपलब्ध करा रहा था। उसका आरोप है कि पुलिस ने बिना कारण किताबें हटाईं और विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से इस घटना की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने शिक्षा और पुस्तकों का सम्मान नहीं किया। दीपके ने कहा कि जिन किताबों को हटाया गया, उनमें छत्रपति शिवाजी महाराज और शहीद भगत सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों पर आधारित पुस्तकें भी शामिल थीं।

फोन और व्हाट्सएप की निगरानी का आरोप
अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनके पास मौजूद कुछ सूत्रों ने बताया है कि संगठन से जुड़े लोगों के फोन निगरानी में हैं और उनके व्हाट्सऐप कॉल तथा चैट पर नजर रखी जा रही है। उनका आरोप है कि सूत्रों ने उन्हें टीम के भीतर हुई बातचीत की जानकारी बताई, जिससे उन्हें निगरानी किए जाने का संदेह है। हालांकि, इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई सार्वजनिक सबूत पेश नहीं किया है और सरकारी एजेंसियों की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विज्ञापन

शिक्षा व्यवस्था की निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा
छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था के विरोध में अनोखा प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और आंदोलन के 13 दिन पूरे होने पर उसकी तेरहवीं भी रखी। इस दौरान छात्रों के हाथों में अस्थि कलश और शिक्षा व्यवस्था का प्रतीकात्मक शव था। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने मौजूदा व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जताई। कई छात्रों ने विरोध दर्ज कराने के लिए अपने सिर भी मुंडवा लिए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें