राजधानी में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है कि वे स्कूल जैसी जगह में घुसकर भी दिनदहाड़े लूट से गुरेज नहीं कर रहे हैं। व्यस्त लाल किले के सामने चांदनी चौक में स्थित प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल के अंदर गई शिक्षिका के पीछे बदमाश घुसा और उनके गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ जीटीबी नगर में रहने वाली सुनीता वाधवा (55) प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल में टीचर हैं। घर से स्कूल आने के लिए वे सुबह करीब 7 बजे मेट्रो ट्रेन से चांदनी चौक स्टेशन पर उतरीं। वहां से वे पैदल ही स्कूल तक आईं और गेट के भीतर दाखिल हो गईं।
सुनीता गेट से करीब 20 कदम भीतर आ चुकी थीं, तभी सड़क की ओर से एक बदमाश दौड़ता हुआ आया और उनके गले से सोने की चेन तोड़कर बाहर की ओर भाग गया। स्कूल के गेट के पास ही उसका साथी वाहन लेकर खड़ा था। झपटमार वाहन के पीछे बैठा और साथी उसे लेकर फरार हो गया। इधर, शुक्रवार को स्कूल में पीटीएम थी। शिक्षिका ने इसके बाद पीटीएम निपटाई। शाम करीब 4:30 बजे मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
स्कूल के चौकीदार से 1.12 लाख झफटे
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने स्कूल के चौकीदार रामनाथ (65) से 1.12 लाख रुपये झपट लिए। वे बच्चों की फीस के रुपये बैंक में जमा कराने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दुर्गापुरी विस्तार स्थित कला निकेतन स्कूल में रामनाथ करीब 34 साल से चौकीदार हैं।
वे स्कूल के ही एक कमरे में रहते हैं। शुक्रवार को स्कूल की कैशियर सुनीता ने रामनाथ को रुपये देकर पास के बैंक में जमा कराने को कहा था। वे गली में पहुंचे तो बाइक पर आए बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए।