फरीदाबाद के बल्लभगढ में पिलर बॉक्स घोटाले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश के विरोध में शुक्रवार को इंजीनियर एसोसिएशन की सेंट्रल काउंसिल की बैठक ने सैकड़ों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी। सेक्टर-23 स्थित बैठक में 250 बिजली कर्मचारियों ने भाग लिया। सुबह से लेकर दोपहर तक चली बैठक के दौरान कई जगह पावर ट्रिप, हाई वोल्टेज आदि की समस्याएं आईं।
बैठक में सर्किल फरीदाबाद से करीब 60 से 70 कर्मचारियों ने भाग लिया, जबकि अन्य कर्मचारी दूसरे जिलों से थे। अधिक संख्या में कर्मचारियों के बैठक में शामिल होने से दोपहर बाद तक सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से दो-चार होना पड़ा।
धौज, नंगला, बदरौला, न्यू भगत सिंह कॉलोनी, यादव कॉलोनी, सेक्टर-25, 55, बसेलवा कॉलोनी, भूड़ कॉलोनी समेत कई छोटी-छोटी कॉलोनियों में तेज वोल्टेज और पावर ट्रिपिंग की शिकायतें कंट्रोल रूम को मिलीं। जिन जगहों पर फॉल्ट थे, वहां सरप्लस स्टाफ को भेजकर मरम्मत करवाई गई।
ज्ञात हो कि 16 फरवरी से पिलर बॉक्स घोटाले में एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में कई कर्मचारी रोज प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रत्येक दिन सर्किल से 20-25 कर्मचारी दोपहर तक धरने पर बैठते हैं, लेकि न शुक्रवार को एक साथ काफी संख्या में कर्मचारी वहां मौजूद हुए। हालांकि दोपहर बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में गए। एसई मुकेश गुप्ता ने बताया कि सरप्लस स्टाफ से राहत दी गई। जिस जगह स्टाफ ने फॉल्ट ठीक किया, वहां तुरंत सप्लाई सुचारु की गई। इसके अलावा कटौती कहीं भी ज्यादा देर तक नहीं दर्ज हुई।