नोएडा एक्सटेंशन के गौर गोलचक्कर के पास 6 गांवों के किसानों ने शुक्रवार सुबह करीब दो घंटों के लिए चक्का जाम कर दिया। इस चक्का जाम से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से ऑफिस जाने वाले लोग घंटों सड़क में फंसे रहे।
नोएडा एक्सटेंशन में आने वाले बिसरख, पतवाड़ी, सैनी, हैबतपुर, ऐमनाबाद के किसानों ने यह चक्का जाम किया था। किसानों का कहना था कि उनके गांवों को दी जाने वाली बिजली को काटकर बिजली विभाग बिल्डरों को बिजली सप्लाई कर रहा है।
बिजली बिल नहीं भरते हैं गांव वाले
वहीं नोएडा एक्सटेंशन के गांवों में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी, नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) का कहना है कि गांव में बिजली दी जा रही है। हालांकि लोड ज्यादा होने के कारण बिजली में कटौती हो रही है।
साथ ही उनका कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गांव वाले बिजली बिल भी नहीं देते हैं। उपर से जब उनके घरों पर बिजली कर्मचारी बिल मांगने जाते हैं तो वे लोग उनसे मारपीट भी करते हैं।
नोएडा एक्सटेंशन में पहले गाजियाबाद से बिजली सप्लाई होती थी, जिसे नोएडा अथॉरिटी ने बंद कराकर नोएडा से बिजली देने का काम शुरू करवाया था। लेकिन अब गांववालों के बिजली बिल भुगतान नहीं करने को लेकर यूपीपीसीएल ने बिजली देने से मना कर दिया। हालांकि दबी जबान से ही सही लेकिन एनपीसीएल भी अब गांव वालों को बिजली देना नहीं चाहती है।
शहरी इलाकों में भी कट रही है बिजली
गर्मी का पारा ऊपर जाते ही बिजली ने भी पसीना निकालना शुरू कर दिया है। नोएडा के शहरी इलाकों में भी एक घंटा घोषित और तीन घंटे अघोषित कटौती की जा रही है।
बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर शहरवासियों की नींद सवा चार बजे खुल गई। विद्युत निगम ने 4.15 पर बिजली कटौती की, जो 5.15 पर बहाल हो पाई। इसके बाद सुबह की गर्म हवाओं ने दिक्कत को और बढ़ा दिया।
दिन चढ़ने के साथ अलग-अलग सेक्टरों में बिजली की आवाजाही जारी रही। सेक्टर 19 में साढ़े नौ बजे के आसपास बिजली गुल हो गई, जो करीब आधे घंटे बाद सामान्य हो पाई। इसके अलावा सेक्टर 12, 22, 24, 23, 55, 56, 61 के साथ डीएससी रोड स्थित सेक्टरों में बिजली ने दिक्कत दी।