दिल्ली में एक अप्रैल से बिजली पर सब्सिडी खत्म हो गई है और अब बिजली उपभोक्ताओं को बिना सब्सिडी का बिजली बिल आना शुरू हो गया है।
इस बार आए बिजली बिल में कुछ हिस्सा मार्च का है जबकि कुछ हिस्सा अप्रैल का है। अगला बिजली बिल पूरी तरह से बिना सब्सिडी का आएगा। ऐसे में अगला बिजली बिल उपभोक्ताओं को और तेज झटका देगा।
बिजली वितरण कंपनियों का कहना है कि अप्रैल माह में जो बिजली बिल उपभोक्ताओं को भेजा जा रहा है उसमें कुछ हिस्सा मार्च का है जबकि कुछ हिस्सा अप्रैल का।
अगली बार से बढ़ेगी मुश्किल
मार्च माह में उपयोग किए गए बिल पर सब्सिडी दी गई है जबकि अप्रैल माह में खर्च की गई बिजली पर सब्सिडी नहीं दी गई है। लेकिन अगली बार जो बिजली बिल उपभोक्ताओं को मिलेगा वह पूरी तरह से बिना सब्सिडी के होगा।
लिहाजा आने वाला बिजली बिल उपभोक्ताओं के लिए और भारी पड़ने वाला है। बिजली कंपनियों के मुताबिक अभी तक 400 यूनिट बिजली खर्च करने पर करीब 2075 रुपये का बिल बनता था लेकिन सरकार की ओर से सब्सिडी देने के बाद उपभोक्ताओं को महज 1056 रुपये चुकाना पड़ता था।
वहीं 200 यूनिट बिजली खर्च करने पर बिजली बिल 885 रुपये बनता था लेकिन सरकार की ओर से सब्सिडी देने के बाद उपभोक्ताओं को महज 460 रुपये चुकाना पड़ता था।
अब नहीं मिलेगी सब्सिडी
सब्सिडी खत्म होने से सबसे अधिक परेशानी 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को हो रही है। बिजली कंपनियां इस बार बिजली बिल के साथ उपभोक्ताओं को बता रही है कि बिजली पर सरकार की तरफ से अब किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं दी जा रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार से पहले भी 200 यूनिट वालों को 1.20 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी मिल रही थी।
अब प्रति यूनिट बिजली कीमत
यूनिट---------------चार्ज
0 से 200----------3.90 रुपये
201 से 400-------5.80 रुपये
401 से 800-------6.80 रुपये
800 से अधिक-------सात रुपये
(नोट: 40 से 100 रुपये तक फिक्स चार्ज, आठ प्रतिशत का सरचार्ज, पांच प्रतिशत बिजली कर)
पे एंड विन स्कीम की घोषणा की
दिल्ली की बिजली वितरण कंपनी टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) ने पे एंड विन स्कीम के 50 विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी है। विजेताओं को एलईडी टेलीविजन, टेबल फैन और मोबाइल फोन्स दिए जाएंगे।
विजेताओं का चयन इंडस्ट्रीयल वेलफेयर एसोसिएशन, रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अलावा जे जे कॉलोनियों के प्रधान और गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्यों ने मिलकर किया है।
टीपीडीडीएल के प्रवक्ता का कहना है कि विजेताओं के लिए 10 एलईडी टीवी, 10 टेबल फैन और 35 मोबाइल फोन देने का निर्णय लिया गया है। बिजली वितरण कंपनी की ओर से यह योजना मार्च-2014 में शुरू की गई थी।