विजयनगर सर्किल में बिजली बिलों के फर्जीवाड़े में मंगलवार को नया खुलासा हुआ। बिलों में घपला रिवाइज (संशोधन) के नाम पर किया गया। जिस एक्सईएन की आईडी से यह घपला हुआ, वहां पर बीआर (बिल रिवाइज) की जरूरत ही नहीं थी। यहां पर बीआर के लिए एक एक्सईएन की तैनाती है, जबकि इसको दूसरे एक्सईएन कर रहे हैं।
विजयनगर सर्किल में एक्सईएन डिस्ट्रीब्यूशन राघवेंद्र यादव की आईडी से बिलों में घपला हुआ है। उनकी आईडी से एचसीएल के साफ्टवेयर में जाकर बीआर एक्शन के तहत धनराशि में हेराफेरी की गई।
जबकि राघवेंद्र यादव की आईडी पर बीआर का एक्शन होना ही नहीं चाहिए था। इसके लिए वहां पर इनके समकक्ष अधिकारी एक्सईएन रेवेन्यू विनोद कुमार तैनात किए हुए हैं। बीआर का अधिकार उन्हीं का है।