गाजियाबाद से नोएडा जाने के लिए अब लोगों को एनएच-24 के भीषण जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना से होते हुए एनएच-24 पर दो अंडरपास बनाने का निर्णय लिया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। एनएचएआई इसके लिए मंजूरी देता है तो परिषद सिद्धार्थ विहार में दो अंडरपास बनाएगा।
आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना को नोएडा से जोड़ने के लिए तैयारी कर ली है। सिद्धार्थ विहार योजना को एनएच-24 पर से कोई भी एंट्री अथवा एग्जिट प्वाइंट नहीं मिला है। परिषद अधिकारियों के अनुसार एनएच-24 की ओर दो एंट्री और एग्जिट प्वांइट बनाए जाएंगे।
ये प्वाइंट सीधे अंडरपास से होते हुए नोएडा सेक्टर-63 में निकलेंगे। आवास आयुक्त एमकेएस सुंदरम ने बताया कि योजना की मोबिलिटी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो नोएडा पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। इसका फायदा गाजियाबाद की अन्य कालोनियों को भी मिलेगा।
सिद्धार्थ विहार की सर्विस लेन से नोएडा को जोड़ेंगे
परिषद एनएच-24 के किनारे सर्विस लेन का निर्माण करेगा। सर्विस लेन पर सिद्धार्थ विहार योजना की एंट्री होगी। योजना से निकलकर वाहन सर्विस लेन पर जाएंगे। सर्विस लेन अंडरपास से जुड़ेगी, जिससे लोग नोएडा पहुंच सकेंगे। इतना ही नहीं स्लिप रोड के सहारे वाहन सर्विस रोड से एनएच-24 पर भी जुड़ सकेंगे।