Delhi Excise Policy Case: प्रवर्तन निदेशालय ने संजय सिंह के करीबियों को समन जारी किया है।तो वहीं सीएम केजरीवाल ने एक बार फिर भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधा। संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा, कंवरबीर सिंह और विवेक त्यागी को तलब किया गया है। ताकी आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सके। खबर के मुताबिक, संजय सिंह ने सर्वेश को एक करोड़ रुपये दिए थे। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप और भाजपा में बयानबाजी का सिलसिला लगातार जारी है।
सुधांशु त्रिवेदी का आप पार्टी पर तंज
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा प्रवक्ता और बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमारा मानना है कि यह देश के उन लोगों के लिए विचार का भोजन है जो प्रयोगात्मक राजनीति की बात करते हैं। यह प्रयोगात्मक राजनीति का समय नहीं है। प्रयोगात्मक राजनीति के परिणाम देश के लिए खतरनाक हो सकते हैं। अन्ना आंदोलन से निकली आप के चरित्र ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
कोर्ट ने संजय सिंह को भेजा पांच दिन की रिमांड पर
गिरफ्तार राज्यसभा सांसद संजय सिंह को 10 अक्तूबर तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया गया। मामले में ईडी ने 10 दिन के हिरासत की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने सुनवाई के दौरान ईडी के समक्ष कई सवाल उठाए। राउज एवन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल के समक्ष संजय सिंह को कड़ी सुरक्षा में पेश किया गया। ईडी ने संजय सिंह का 10 दिन का रिमांड मांगते हुए कहा कि वह मामले में पूरी तरह से लिप्त हैं।
रिमांड से पहले ईडी के वकील ने रखी दलीलें
ईडी के वकील ने कहा कि संजय के घर से कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। गवाहों और अन्य आरोपियों से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करने के लिए रिमांड स्वीकार किया जाए। अदालत ने ईडी से सवाल किया कि मामला काफी पुराना है और यदि आपके पास साक्ष्य थे तो गिरफ्तारी में इतनी देरी क्यों हुई।
कोर्ट ने पूछा गिरफ्तारी में इतनी देरी क्यों
अदालत ने ईडी से सवाल पूछा है क्या आपने फोन कब्जे में ले लिया? ईडी के वकील के हां में जवाब देने पर अदालत ने कहा जब फोन आपके पास है तो फिर इसमें आरोपी के साथ इसका आमना-सामना कराने की क्या जरूरत बचती है? आप डेटा वैसे भी निकाल सकते हैं। सबूत है तो गिरफ्तारी में देरी क्यों। ईडी के वकील ने कहा कि गवाहों के बयानों के आधार पर गिरफ्तारी हुई है। गवाहों के बयान अभी हुए है वे सरकारी गवाह बने हैं।
गवाह दिनेश अरोड़ा, संजय सिंह के करीबी हैं। ईडी ने मामले में 239 स्थानों पर छापा मारा है। आरोप है कि संजय के घर दो बार में दो करोड़ का लेनदेन हुआ। संजय के कर्मचारी सर्वेश ने पैसे लिए है। संजय सिंह के फोन से डेटा मिला है।