किंगडम ऑफ ड्रीम्स (केओडी) की एक पान शॉप पर हरियाणा खाद्य एवं औषधि विभाग (एफडीए) की टीम ने छापेमारी की। यहां से काफी मात्रा में निकोटिन युक्त ई-सिगरेट बरामद की गई।
उधर, छापेमारी के बाद केओडी प्रबंधन ने चुप्पी साध ली है। टीम ने यहां से कई सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सेक्टर-29 स्थित केओडी के पान शॉप पर लंबे समय से ई-सिगरेट का गोरखधंधा चल रहा था।
इसमें भारी मात्रा में निकोटिन की सूचना मिलने पर शुक्रवार को चंडीगढ़ मुख्यालय की टीम ने यहां छापेमारी की। पान शॉप से कई किस्म की ई-सिगरेट बरामद की गई।
चाइनीज उत्पाद की ई-सिगरेट की पूरी किट में (मानक 0.8 मिलीग्राम) 1.1 मिलीग्राम से 1.8 मिलीग्राम तक निकोटीन पाया गया। यहां से कई रिफिल कार्टिज भी बरामद किए गए। इसमें 11 मिलीग्राम तक निकोटीन पाया गया। टीम की करीब एक घंटे तक छापेमारी की कार्रवाई चली।
पान की दुकान ग्रीनलीफ ट्रेडेक्स प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से चलाई जा रही थी। कंपनी के निदेशक उत्पादों के लिए वैध खरीद रिकॉर्ड भी नहीं दिखा पाए। ये सभी ई-सिगरेट चीन निर्मित हैं। इन्हें दिल्ली आधारित फर्मों द्वारा आयात किया गया था। इसकी बिक्री भी मनमाने रेट पर की जा रही थी।
पांच साल की सजा का प्रावधान
भारी मात्रा में निकोटिन के इस्तेमाल के लिए विभाग की तरफ से लाइसेंस लिया जाता है। औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत निकोटिन बेचने पर अभियुक्त को एक लाख रुपये जुर्माने व पांच साल की सजा हो सकती है। पान शॉप में ये बिना लाइसेंस के यह धड़ल्ले से बेचा जा रहा था। उधर, केओडी परिसर में स्थित दुकान में छापेमारी के बाद प्रबंधन में हड़कंप है। केओडी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुमोद गगन शर्मा ने इस मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह पता लगा रहे हैं।
केओडी का विवादों से नाता
केओडी का विवादों से पुराना नाता रहा है। लीज पर जमीन लेने के मामले में हुडा के संपदा विभाग को किराया न चुकाने की एवज में केओडी को कई बार नोटिस दिया जा चुका है। कई सालों से करोड़ों की रकम भी बकाया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल 10 करोड़ से ज्यादा किराया बाकी है। बता दें कि बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान केओडी के ब्रांड एंबेसडर हैं।