अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) ने छात्रों की रुचि और प्रतिभा को मंच देने के लिए 26 नए प्रकोष्ठ शुरू किए हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने और नई गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। डूसू का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को छात्रसंघ की गतिविधियों से जोड़ना है।
डूसू की ओर से शुरू किए गए प्रकोष्ठों में सांस्कृतिक, पूर्व छात्र संबंध, सामुदायिक संपर्क, वाद-विवाद एवं जनसंपर्क, विविधता एवं समावेशन, पर्यावरण, दिव्यांग विद्यार्थी, तकनीकी, फैशन, फिल्म एवं फोटोग्राफी, वैचारिक, ललित कला, छात्रावास और विधिक सहायता प्रकोष्ठ शामिल हैं।
इसके अलावा नवाचार एवं इनक्यूबेशन, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी, साहित्यिक, मीडिया एवं प्रकाशन, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण, खेल, शोध एवं विकास, स्टार्टअप एवं उद्यमिता, रंगमंच एवं नाट्य, उत्तर-पूर्व, महिला सशक्तीकरण और वाणिज्य प्रकोष्ठ भी बनाए गए हैं। इनके माध्यम से छात्र कला, साहित्य, खेल, तकनीक, शोध, पर्यावरण और उद्यमिता समेत विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियों से जुड़ सकेंगे।
डूसू अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि डीयू में देशभर से छात्र आते हैं और उनकी रुचियां व प्रतिभाएं अलग-अलग हैं। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों को अपनी क्षमता दिखाने और कैंपस गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि डूसू की गतिविधियां कुछ छात्रों तक सीमित न रहें, बल्कि विश्वविद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित हो।