तावडू रिवाडी रोड पर खोरी कलां के निकट डंपर की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर का चालक वाहन को मौके पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोरी लाल निवासी भिवाडी ने बताया कि वह जिलेट इंडिया लि. में ऑपरेटर है। उसका जीजा शंकर सिंह जोकि मूलरूप से थाना औरंगाबाद जिला बुलंदशहर का रहने वाला है वर्तमान में चंद्रभान कालोनी खोरी कलां थाना तावडू में रहता है।
वह खुशखेड़ा टपूकड़ा में स्थित एक कंपनी में बतौर फोरमेन नौकरी करता है। 2 मई को वह अपने जीजा शंकर से मिलने खोरी कलां आया था। खाना खाने के बाद रात करीब 11 बजे वह और उसका जीजा शंकर भिवाडी जा रहे थे, जब वह तावडू रिवाडी रोड पर मस्जिद के निकट पहुंचे तो उसके आगे मोटरसाइकिल पर चल रहे उसके जीजा की बाइक में भिवाडी की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में डंपर के अगले हिस्से में बाइक फंस गई। डंपर उसके जीजा शंकर को घसीटता हुआ काफी दूर ले गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसके जीजा शंकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अज्ञात चालक के विरुद्ध मृतक के साले डोरी लाल के बयान पर तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।