लेन मार्किंग के पायलेट प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक में सिसोदिया व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए दिल्ली सरकार की पहल के सफल परिणाम सामने आए हैं। राजा गार्डन-ब्रिटानिया चौक के बीच 4.5 किलोमीटर के दायरे में पायलट परियोजना के नतीजे में लेन नियमों का पालन और ट्रैफिक के सुगम होने से बसों की रफ्तार भी 23 फीसदी तक बढ़ गई है। सड़क के इस हिस्से पर लेन नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी 54 फीसदी तक की कमी आई है।
लेन ड्राइविंग को बढ़ावा देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली के सहयोग से इस दिशा में पहल की गई थी। परियोजना की सफलता के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सभी सड़कों पर नए सिरे से लेन मार्किंग का काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने पायलट फेज के नतीजों को जानने के लिए अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक की।