दाखिले के लिए 15 से 24 मई तक होगा सीयूईटी
पंजीकरण के लिए छात्रों को दिया जाएगा पर्याप्त समय
70 : हजार से अधिक सीटों पर होगा दाखिला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं के नतीजे घोषित होने के बाद अब दिल्ली विश्वविद्यालय ने सत्र 2024-25 के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। दाखिले के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी यूजी) संपन्न होने के बाद मई के अंत से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो सकती है। पंजीकरण के लिए छात्रों को पर्याप्त समय दिया जाएगा। स्नातक प्रोग्राम की दाखिला प्रक्रिया में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
स्नातक दाखिले के लिए 15 मई से 24 मई तक सीयूईटी होना है। इनमें 15, 16, 17 व 18 मई को पेन पेपर (ऑफलाइन) और 21, 22 और 24 मई को सीबीटी मोड (कंप्यूटर आधारित) परीक्षा होनी है। ऐसे में प्रशासन परीक्षा के संपन्न होने के बाद ही मई के अंत तक पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। सीयूईटी देने के बाद भी डीयू में दाखिले के लिए आवेदन करना जरूरी है। बीते साल की तरह स्नातक की 70 हजार से अधिक सीटों पर दाखिले कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के तहत ही किए जाएंगे।
डीयू दाखिला डीन प्रोफेसर हनीत गांधी ने बताया कि अब बारहवीं के परिणाम घोषित हो गए हैं। अब मई के अंत तक कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर देंगे। दाखिला नीति में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। मालूम हो कि सीएसएएस (कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम) पहले चरण की पंजीकरण प्रक्रिया होगी। दूसरे चरण में उन्हें कोर्स व कॉलेज का चयन करना होगा। पूरी प्रक्रिया लगभग बीते साल वाली ही होगी। वहीं, प्रशासन की ओर से दाखिला संबंधी अधिक जानकारी अगले सप्ताह तक जारी की जाएगी।