जेएनयू की खबर का जोड़...
जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहें छात्र, डीयू की एडवाइजरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 35 दिन से जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रों और शिक्षकों को इससे दूर रहने को कहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से प्रदर्शन स्थल से दूरी बनाए रखने, किसी भी गैर-कानूनी जमावड़े का हिस्सा नहीं बनने और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। डीयू ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर बृहस्पतिवार रात लिखा कि नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर किसी भी प्रकार के गैर-कानूनी जमावड़े या प्रदर्शन में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। डीयू ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में होने वाले ऐसे आयोजनों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार सख्ती से निगरानी रखी जाती है।
डीयू ने लिखा है कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। साथ ही, इनका उनकी शैक्षणिक प्रगति और भविष्य के व्यावसायिक अवसरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सभी छात्रों से आग्रह है कि वे जंतर-मंतर से दूर रहें तथा अपनी सुरक्षा और कानून के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इसके अतिरिक्त छात्रों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डीयू ने लिखा कि मौजूदा स्थिति को भड़काने के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में फर्जी और भ्रामक सामग्री तैयार कर सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित की जा रही है। केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। हालांकि डीयू की इस एडवायजरी का विरोध होने लगा है।