दिल्ली सरकार के सम-विषम फार्मूले को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने राजनीतिक स्टंट करार दिया है। प्रबंधक कमेटी ने दिल्ली सरकार से मांग की है कि इस योजना को 11 से 15 नवंबर के बीच दिल्ली में लागू नहीं किया जाए। कमेटी का कहना है कि इस दौरान दिल्ली में श्री गुरुनानक देव जी के 550 वें प्रकाश उत्सव पर समागम का आयोजन होना है।
यह योजना इस दौरान लागू हुई तो सिख संगत को इस समागम में शिरकत करने में खासी परेशानी होगी। इसे लेकर दिल्ली सरकार को प्रबंधक कमेटी ने एक पत्र भी लिखा है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री सिर्फ सम-विषम फार्मूले के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने इस योजना को लागू करने के लिए ऐसा दिन चुना है जिस समय गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व दिल्ली में आयोजित होना है। इस दौरान पूरे शहर में नगर कीर्तन भी निकलेगा। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।