दिल्ली के रानीबाग इलाके में ठीक से कार चलाने की नसीहत देने पर चालक ने आयकर अधिकारी और भाई की पिटाई कर दी। चालक ने दोस्तों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ितों का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
विजय सिंह सपरिवार शकूरपुर इलाके में रहते हैं। वह इनकम टैक्स में इंस्पेक्टर हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 नवंबर की रात वह भाई कमल के साथ एमटूके मॉल जा रहे थे। रिलाइंस फ्रेस के पास एक कार चालक उनकी बाइक के सामने आड़ी तिरछी तरीके से गाड़ी चला रहा था। जिसे देखकर विजय सिंह ने उसे टोका और कार ठीक से चलाने की नसीहत दी।
इस बात पर उनकी कार चालक से कहासुनी हो गई। चालक गाली-गलौज करते हुए कार से उतरा और बाइक की चाबी छीन ली। उसने धमकी दी कि उसका नाम तुषार दहिया है और उन्होंने गलत व्यक्ति से पंगा ले लिया है। चालक ने फोन कर अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया।
फिर सभी हमलावरों ने दोनों भाइयों की लात घूंसों से पिटाई कर दी। इसी बीच पीड़ित के भाई ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर वहां से भाग गए थे।