पठानकोट में आतंकी हमले के बाद नोएडा में भी हाई अलर्ट है। जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। मेट्रो स्टेशन, मॉल्स, बाजार और दूसरे पब्लिक प्लेस पर एटीएस के कमांडो चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। शहर के मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में कई महीनों से लावारिस वाहन खड़े हैं, जिन पर पुलिस और एटीएस कमांडो की नजरें नहीं जातीं, जबकि पार्किंग में ऐसे वाहन भी खड़े कर दिए जाते हैं जो चोरी या फिर लूट के होते हैं।
अपराध करने के बाद भी वाहनों को पार्किंग में पुलिस की नजरों से बचने के लिए खड़ा कर दिया जाता है। हैरत की बात यह है कि गणतंत्र दिवस से पहले पार्किंग प्रबंधकों ने पुलिस को रिमाइंडर भेजा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बॉटेनिक गार्डन और सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में करीब 6- 7 दुपहिया वाहन और 2-3 गाड़ियां खड़ी हैं। इन पर धूल चढ़ चुकी हैं। दो दुपहिया वाहन तो 8 महीने से ज्यादा से बॉटेनिक गार्डन की पार्किंग में खड़े हैं।
बॉटेनिक गार्डन मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में मौजूद कर्मचारी ने बताया कि पुलिस को इस बारे में लिखा जा चुका है। पुलिस हर बार जगह की कमी बोलकर वाहनों को उठाती ही नहीं हैं। ऐसे में हम लोग क्या कर सकते हैं। इन वाहनों की तहकीकात तो पुलिस ही कर सकती है।
हर दिन शहर के सभी मेट्रो स्टेशन पर एटीएस की टीम जांच कर रही हैं। बुधवार को भी मेट्रो स्टेशन पर जांच की गई। पुलिस भी मेट्रो स्टेशन के नीचे की सुरक्षा देखती है। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की तरफ किसी की नजर नहीं जा रही है। मेट्रो प्रबंधक भी पार्किंग को लेकर अलर्ट नहीं हैं।