खांडसा रोड स्थित भाटिया अल्ट्रासाउंड में शुक्रवार को एक स्टिंग में बेनकाब हुए डॉक्टर राजीव भाटिया की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात उसकी कोठी से दूसरी अल्ट्रासाउंड मशीन भी जब्त कर ली।
मशीन बरामद होने के बाद इस मामले में कई और खुलासे करने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम के स्टिंग ऑपरेशन के बाद डॉक्टर राजीव भाटिया को लिंग परीक्षण जांच के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस खेल को वह अपनी कोठी पर पिछले कई सालों से अंजाम दे रहा था। आरोपी सुशांतलोक फेज एक में 347बी स्थित कोठी में भ्र्रूण जांच करता था।