दिल्ली के एम्स अस्पताल में गुरुवार से ओपीडी सेवाओं की शुरुआत हो रही है। लेकिन इसके लिए आप सीधे अस्पताल न पहुंचें क्योंकि अभी ओपीडी सेवा सभी कैटेगरी के मरीजों के लिए शुरू नहीं की जा रही है।
पहले से इलाज करा रहे मरीजों के लिए सबसे पहले ओपीडी सेवाओं की शुरुआत हो रही है। इसके लिए भी पहले अस्पताल में फोन कर समय लेना पड़ेगा।
अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्दी ही यह सभी मरीजों के लिए खोल दी जायेगी। सीधे काउन्टर पर पहुंचकर कोई ओपीडी सेवा प्राप्त नहीं की जा सकेगी।
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए एम्स में 24 मार्च से ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई थीं। एम्स के सीनियर डॉक्टर विजय कुमार के मुताबिक इलाज के दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिए पूरी सावधानी बरती जाएगी।
अस्पताल आने वाले सभी मरीजों का तापमान चेक किया जायेगा। कोरोना से संबंधित कोई लक्षण न होने वाले मरीजों को ही ओपीडी के अंतर्गत इलाज किया जायेगा।
इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने के लिए प्रति विभाग केवल 15 मरीजों को ही बुलाया जायेगा। स्थिति के हिसाब से इस संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है।
देशभर से आते हैं मरीज
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में पूरे देश से मरीज इलाज के लिए आते हैं। राजधानी के साथ-साथ आसपास के एनसीआर एरिया से भी भारी संख्या में लोग इलाज के लिए एम्स का रुख करते हैं। यही कारण है कि यहां मरीजों की बड़ी भीड़ रहती है।
एम्स अस्पताल के सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मी और उनके परिवार के सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गये हैं। इस तरह लगभग 1300 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
कोरोना के कारण अस्पताल के एक मेस के एक कर्मचारी की मौत भी हो गई थी। यही कारण है कि ओपीडी सेवाओं की शुरुआत में अस्पताल काफी सावधानी बरत रहा है।