आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच चल रही खींचतान के साथ एक और अप्रत्याशित घटना सामने आई है जिसमें अरविंद केजरीवाल की प्रबल समर्थक मानी जाने वाली अंजली दमानिया ने आप छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
अंजलि ने ट्वीट करते हुए बताया है कि वह आम आदमी पार्टी छोड़ रही हैं क्योंकि वह जिन सिद्घांतों के आधार पर पार्टी का समर्थन कर रही थीं पार्टी उनसे भटक गई है।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल और आप के पूर्व विधायक राजेश गर्ग के बीच बातचीत का ऑडियो टेप सामने आया जिसमे अरविंद केजरीवाल उनसे कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
I quit.. Ihave not come into Aap for this nonsense. I believed him.. I backed Arvind for principles not Horse-trading http://t.co/lxMaBkwxeO— Anjali Damania (@anjali_damania) March 11, 2015
केजरीवाल पर खरीद फरोख्त का आरोप
बता दें कि बुधवार को सुबह ही मीडिया में एक ऐसा टेप चल रहा है जिसमें अरविंद केजरीवाल और राजेश गर्ग के बीच बातचीत हो रही हैं। इस बातचीत में कांग्रेस विधायकों को आप के पक्ष में तोड़ने की बात कही जा रही है। अरविंद केजरीवाल की आवाज में कांग्रेस विधायकों की इस खरीद फरोख्त का समर्थन किया जा रहा है।
बता दें कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के खिलाफ आप में चल रही कवायद के बीच मराठी नेता अंजलि दमानिया ने अरविंद केजरीवाल का समर्थन करते हुए इन दोनों नेताओं का भला बुरा कहा था।
यहां तक कि आप नेता आशुतोष की किताब में भी अंजलि दमानिया का जिक्र करते हुए कहा गया है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद पार्टी की मीटिंग में अरविंद केजरीवाल रोने लगे थे। उस वक्त अंजलि ने अरविंद को संभालते हुए नेताओं को लताड़ लगाई थी।
अंजलि दमानिया के ऐलान पर क्या बोले एम एस धीर
अंजलि दमानिया के पार्टी छोड़ने के ऐलान पर पूर्व आप नेता एम एस धीर ने भी कहा है कि जब मैने पार्टी छोड़ी थी तो मुझसे पूछा गया था कि आपके साथ और कौन-कौन जा रहा है, तो मैने कहा कि आगे-आगे देखिए होता है क्या।
धीर ने ये भी कहा कि केजरीवाल फरवरी 2015 में कांग्रेस से हाथ मिलाकर दोबारा सत्ता में आना चाहते थे। वहीं दूसरी ओर आप के नेता गोपाल राय ने कहा है कि जब मीटिंग हुई थी तो इस पूरे मामले पर विचार किया गया था।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने प्रीति मेनन को अंजलि दमानिया के इस्तीफे के ऐलान के बाद उनसे बात करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
अंजलि ने आप को दिए 48 घंटे
आप छोड़ने के ऐलान के बाद अंजलि दमानिया लगातार ट्विटर पर सक्रीय हैं। उन्होंने लिखा है कि आम आदमी पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि, देश में आशा की एक किरण थी। हजारों लोगों ने इसके लिए बलिदान दिया है। कोई भी सिद्घांतों के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता।
दमानिया ने आप के शीर्ष नेताओं से 48 घंटे के अंदर कार्यकर्ताओं से माफी मांगने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ सिद्घांतों पर काम करने वाली पार्टी है। इस तरह की बचकानी चीजें बंद होनी चाहिए। साथ ही अरविंद, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को 48 घंटे के भीतर कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए।
दमानिया ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि 48 घंटे के अंदर सभी आरोपों की जांच की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने अपना खून पसीना किसी पार्टी के लिए नहीं बल्कि, देश के लिए बहाया है।
इस बीच अंजली दमानिया की ओर से प्रीति मेनन शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह मीडिया द्वारा जारी किए गए ऑडियो टेप से बहुत आहत हैं। हमने मीडिया से इस बारे में जांच की मांग भी की है।
कुमार विश्वास ने भी किया ट्वीट
इस बीच आप नेता कुमार विश्वास ने ट्विट कर कहा है कि ये पहला अवसर नहीं है। ऐसे मौके पहले भी आए हैं और आखिर में सच ही जीतेगा।
कुमार विश्वास ने ट्विट कर कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि शून्य पर सिमटे कांग्रेसी और त्रयी में फंसे भक्त अब हमें नैतिकता और पारदर्शिता का प्रवचन दे रहे हैं।
शून्य पर सिमटे Congressi और त्रयी में फँसे भक्त अचानक नैतिकता-पारदर्शिता पर प्रवचन रत हैं.