जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह डीएम एनपी सिंह ने दौरा किया। वहां एक-एक बेड पर उन्होंने दो-दो मरीजों को भर्ती पाया। इस पर डीएम ने अस्पताल प्रशासन को आदेश दिया है कि एक बेड पर एक ही मरीज का इलाज किया जाए।
इसके लिए 50 और अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था की जाए। जरूरत पड़े तो अतिरिक्त स्टाफ को आउट सोर्स किया जाए।
डीएम ने कहा कि गरीब रोगियों को नि:शुल्क ब्लड उपलब्ध कराया जाए। 25 अतिरिक्त बेड के बाद सोमवार रात अस्पताल में 15 और अतिरिक्त बेड डाल दिए गए हैं।
इसके बाद जिला रोगी कल्याण समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि गरीब मरीजों का नि:शुल्क इलाज कराया जाए। गरीब परिवारों के डेंगू रोगियों को जरूरत पड़े तो रोटरी ब्लड बैंक से ब्लड उपलब्ध कराया जाए। कहीं पर भी भुगतान की जरूरत हो तो भुगतान जिला रोगी कल्याण समिति से किया जाए। खराब उपकरणों को ठीक कराया जाए और जो डॉक्टर ड्यूटी में सहयोग न करें उनके संबंध में सूचित किया जाए।
उन्होंने सीएमओ डॉ. आरके गर्ग को आदेश देते हुए कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जाए। यदि वे अस्पताल में स्वेच्छा से सहयोग देना चाहें तो सहयोग लिया जाए। यदि मानदेय के आधार पर अपनी सेवा देना चाहें तो इसकी भी व्यवस्था कराई जाए।