-समयपुर बादली इलाके की घटना, पीड़ित का आरोप बैरिकेड से आगे बढ़ने पर पुलिस कर्मियों ने की पिटाई, दांत तोड़े
-पुलिस ने कहा इको वैन से बैरिकेड में टक्कर मारकर आगे निकलने से संदिग्ध मामला मानकर पुलिस कर्मियों ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली इलाके में सोमवार की शाम एक दिव्यांग दूध सप्लायर के साथ पुलिस कर्मियों के मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि वाहन चेकिंग के दौरान चार पुलिसकर्मियों ने उनकी इको वैन रोकी और उससे मारपीट की। साथ ही वाहन के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि पुलिस बूथ में ले जाकर पुलिसकर्मियों ने पिटाई की, जिससे उसके दांत टूट गए। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दूध सप्लायर गलत दिशा से आया और बैरिकेड में टक्कर मारकर वहां से भाग रहा था। संदिग्ध मामला होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी पीड़ित के आरोप पर हवलदार विनोद सहित दो पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर आगे की जांच कर रही है।
धर्मवीर परिवार के साथ समयपुर स्थित शिवपुरी में रहते हैं। वह सोनीपत से दूध लाकर दिल्ली में सप्लाई करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में धर्मवीर ने बताया कि 23 फरवरी की शाम वह इको वैन में दूध लेकर सोनीपत से दिल्ली की ओर आ रहे थे। शाम करीब सात बजे जीटी रोड स्थित लिबासपुर पेट्रोल पंप के पास पुलिसकर्मी बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की तलाशी ले रहे थे। पुलिसकर्मी ने रुकने का इशारा किया। जगह देखकर उन्होंने वैन साइड में लगा ली। वैन रुकते ही चार पुलिसकर्मी पीछे से आए। एक ने वैन से बाहर निकलने का इशारा किया और बाहर निकलते ही पुलिसकर्मियों ने लात-घूंसे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित के परिवार वालों ने जिला पुलिस उपायुक्त से शिकायत की थी।