-पूर्वी दिल्ली के मयूर विहर स्थित स्टार सिटी मॉल की घटना, कार अंदर से लॉक थी
-पुलिस स्वभाविक मौत की बात कह रही है अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूवी दिल्ली के मयूर विहार स्थित स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में खड़ी कार में चालक की लाश मिली है। कार अंदर से लॉक थी। कार की चालक सीट पर अचेत पड़े व्यक्ति नोएडा निवासी नरेंद्र कुमार (43) को एलबीएस अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस नरेंद्र की मौत को नेचुरल बता रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। नरेंद्र की कार से अस्थमा की कुछ दवाइयां मिली हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से पता चला कि कार पार्क के बाद उसकी कार के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजहों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चल पाएगा। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सोमवार शाम 5:55 बजे मयूर विहार थाना को स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में खड़ी कार में बेहोश व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली थी। उसके शरीर में किसी भी तरह की कोई हरकत नहीं था। इसके परिवार में पत्नी, बच्चों के अलावा एक बड़ा भाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।