सेक्टर-12 स्थित एल्डको मॉल में फरवरी से शुरू हुई भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की स्पोर्ट्स कंपनी ’रिति स्पोटर्स’ की जिम में बुधवार को युवकों ने जमकर कर हंगामा किया।
आरोप है कि जिम प्रबंधन ने उनके साथ धोखा किया है। भारी भरकम फीस लेकर उन्हें जिम में सुविधाएं मुहैया नहीं कराई गई।वहीं जिम प्रबंधन ने इस आरोप को नकारा है। जिम का पूरा कारोबार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर मोहित शर्मा के भाई नितिन संभालते हैं। फरवरी माह में इस जिम का उद्धाटन क्रिकेटर मोहित शर्मा ने किया था।
जिम में ट्रेनिंग करने वाले अनूप ने बताया कि एक वर्ष की 18 से 25 हजार रुपये तक फीस ली जाती है। चार माह पहले जब उन्होंने जिम में प्रवेश लिया था तो कई तरह की अत्याधुनिक मशीनें बताई गई थी, लेकिन अभी तक वह मशीन जिम में नजर नहीं आई है।
जिम में आने वाले दूसरे युवक वीरेंद्र ने कहा कि जिम में ट्रेनर भी उनको गाइड नहीं करते। वहीं बिना सूचना दिए ही चार से पांच दिन तक बंद कर दिया जाता है। जब जिम मैनेजर से इसकी शिकायत की जाती है तो उनका व्यवहार सही नहीं होता।