दिल्ली मेट्रो से दफ्तर व कॉलेज ही नहीं, दिल्ली के मंदिरों का भी दर्शन कर सकते हैं। जल्द ही छतरपुर मंदिर के बेहद नजदीक तक भी मेट्रो की कनेक्टिविटी होगी। दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तुगलकाबाद-एयरोसिटी कॉरिडोर पर जमीन से 19 मीटर नीचे भूमिगत मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
महज 100-150 मीटर की दूरी पर श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन का मौका मिल सकेगा। इससे पहले भी अक्षरधाम, कालकाजी, हनुमान मंदिर, झंडेवाला, गौरीशंकर मंदिर, गुफा मंदिर और दिगंबर जैन मंदिर तक जाने के लिए रोजाना सैकड़ों यात्री मेट्रो में सफर करते हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने 23.88 किलोमीटर के दायरे में तुगलकाबाद-एयरोसिटी के बीच नए मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसका 20 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है और सितंबर, 2025 तक इस लाइन पर मेट्रो दौड़ने लगेगी। इस कॉरिडोर पर 15 में से 11 स्टेशन अंडरग्राउंड जबकि चार एलिवेटेड होंगे। इस स्टेशन के दोनों तरफ गेट होंगे जो मेट्रो से काफी कम दूरी पर बनाए जा रहे हैं।
फिलहाल दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन स्थित छत्तरपुर से करीब 700 मीटर है। मेट्रो फेज-4 के कॉरिडोर पर प्रस्तावित स्टेशन के तैयार होने से श्रद्धालुओं को भी मंदिर पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना होगा। इस कॉरिडोर पर प्रस्तावित 15 मेट्रो स्टेशन होंगे। मेट्रो सेवाएं शुरू होने से महिपालपुर, वसंत कुंज, छतरपुर, इग्नू, मैदानगढ़ी, नेबसराय, साकेत, खानपुर, संगम विहार और तुगलकाबाद की घनी आबादी को सहूलियत होगी।