दिल्ली के सीलमपुर इलाके में कारोबारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। कारोबारी की शिनाख्त उमर खान (36) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
अलबत्ता फांसी लगाने से पूर्व उमर ने अपने भाई के व्हाट्सऐप पर मैसेज कर कर्जे से परेशानी और परिवार का ख्याल रखने के लिए कहा था। इधर परिवार का आरोप है कि नोटबंदी के कारण उमर का धंधा काफी कम हो गया था। जिसकी वजह से वह परेशान था। इस कारण उसने मौत को गले लगाया।
पुलिस के मुताबिक उमर परिवार के साथ ई-17, जाफराबाद इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी तरन्नुम खान व तीन बच्चे हैं। उमर का एल्युमिनियम का कारोबार था। रविवार रात को उसने अपने कमरे में पंखे के सहारे फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
सोमवार सुबह परिजनों ने उसे फंदे से लटके हुए देखा। इधर परिजनों ने जब उमर का मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उसने फांसी लगाने से पूर्व अपने भाई छोटे के व्हाट्सऐप पर एक मैसेज भेजा था।
जिसमें उसने कर्जे से परेशान होकर कदम उठाने और परिवार का ख्याल रखने का जिक्र किया था। छोटू का आरोप है कि नोटबंदी के कारण उसके भाई का काम ठप हो गया था। वह पार्टियों का पेमेंट नहीं कर पा रहा था। लोग उसे रुपयों के लिए परेशान कर रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।