फरीदाबाद में धड़ल्ले से चल रही मीट की अवैध दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर फ्रेंड्स ऑफ एनीमल संस्था के सदस्यों ने मेयर सुमन बाला और अतिरिक्त निगमायुक्त पार्थ गुप्ता से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
संस्था के अध्यक्ष जेसी शर्मा व महासचिव अशोक रावल ने कहा कि शिव कॉलोनी तिगांव रोड, सेक्टर-55 सोहना रोड, पल्ला बाईपास, रेलवे रोड तथा केसी मेहता रोड पर खुलेआम जानवरों का वध किया जा रहा है और उनका मांस बेचा जा रहा है।
दुकानदार नियमों का पालन नहीं करते जिसके कारण आसपास गंदगी रहती है और प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों पर मांस बेचने का लाइसेंस हो उन्हीं को ही बिक्री करने दिया जाए। बाकी अवैध मांस की दुकानों को बंद कराया जाए। अतिरिक्त निगमायुक्त ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।