राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना में बाधा बने निर्माणों को शुक्रवार को ढहा दिया गया। कैली व खंदावली मोड़ पर बनी दुकान व मकानों को तोड़फोड़ दस्ते ने तोड़कर रास्ता साफ कर दिया है। मौके पर तहसीलदार बिजेंद्र राणा ड्यूटी मजिस्ट्रेट व थाना सदर प्रभारी राजदीप सिंह मोर पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए मार्ग के क्षेत्र में आने वाले मकान व दुकान के मालिकों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने हटाने के लिए नोटिस दिए हुए हैं।
नोटिस के बाद अधिकतर लोगों ने अपने मकान व दुकान खुद ही हटा ली। गांव कैली में दो मकान व खंदावली मोड़ पर बनी चार-पांच दुकान मालिकों ने नोटिस के बाद भी अपने कब्जे नहीं हटाए।
तहसीलदार बिजेंद्र राणा ने बताया कि मकान व दुकानों को हटाने के लिए कई बार खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा ने मकान व दुकान मालिकों से मिलीं लेकिन वे नहीं माने। जिससे मार्ग का निर्माण कार्य बाधित हो रहा था। इसलिए शुक्रवार को वो निर्माण हटा दिए गए।