एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दिल्ली में हैं तो दूसरी ओर कई इलाकों में हिंसा का तांडव मचा है। दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। केंद्र सरकार के सूत्रों का कहना है कि दिल्ली की हिंसा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुस्सा बढ़ा दिया है। मोदी के निर्देश पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से विस्तृत बातचीत की है। इसके बाद ही गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के एलजी अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई। यह बैठक खत्म होने के बाद तुरंत दूसरी बैठक शुरू हो गई।
बता दें कि सबसे पहले रविवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में हिंसा होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने अपने तरीके से हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया था। बाद में सोशल मीडिया पर सीएए के समर्थक और विरोधी एक दूसरे के खिलाफ आग उगलने लगे। इससे माहौल बिगड़ता चला गया। सोमवार को जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आगरा में थे तो उस वक्त जाफराबाद और दूसरे इलाकों में हिंसा का तांडव मचा। इसमें दिल्ली पुलिस के एक हवलदार की मौत हो गई, जबकि डीसीपी अमित शर्मा समेत दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।