फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: 4500 लोगों का गांव बनेगा तंबाकू के खिलाफ दिल्ली की पहली मिसाल, घर-घर तक पहुंचेगा अभियान

विज्ञापन
विज्ञापन
मनीष सर के ध्यानार्थ
विज्ञापन


- खादर से पुराने गांव तक बनेगा तंबाकू मुक्त बनाने का रोडमैप, बच्चों, युवाओं और आरडब्ल्यूए को जोड़ने की तैयारी

- गांव के दोनों हिस्सों की 152 बीघा आबादी वाले क्षेत्र को अभियान में शामिल करने की योजना, विशेष समिति गठित

मोहित शुक्ला
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गढ़ी मेंडू गांव को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक विशेष और व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। करीब 4,500 की आबादी वाले इस गांव से तंबाकू की मौजूदगी को पूरी तरह खत्म करने और लोगों की आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए यह अनूठी पहल की जा रही है। यह अभियान केवल कुछ औपचारिक जागरूकता रैलियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय आरडब्ल्यूए को जोड़कर पूरे गांव की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
गांव दो हिस्सों में बसा है। इसका खादर वाला हिस्सा करीब 82 बीघा में फैला है जबकि पुराना गांव करीब 70 बीघा में बसा है। इस तरह दोनों हिस्सों का कुल क्षेत्रफल लगभग 152 बीघा है। प्रशासन की कोशिश है कि किसी एक हिस्से तक सीमित रहने के बजाय दोनों को शामिल कर एक साझा रोडमैप बनाया जाए ताकि गांव के किसी भी हिस्से में अभियान अधूरा न रह जाए। इस लिए एक विशेष समिति गठित की गई है। जिलाधिकारी ने एसडीएम यमुना विहार और समाज कल्याण विभाग को मिलकर आगे की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


इस पहल का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि तंबाकू का इस्तेमाल केवल सेवन करने वाले व्यक्ति की सेहत तक सीमित नहीं रहता। घरों में धुएं के संपर्क में आने वाले दूसरे सदस्य, बच्चे और सार्वजनिक जगहों पर मौजूद लोग भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में गढ़ी मेंडू को तंबाकू मुक्त बनाने की कोशिश को एक गांव की आदत बदलने के साथ आने वाली पीढ़ी को तंबाकू से दूर रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

दिल्ली में हर छह में से करीब एक वयस्क तंबाकू की जद में

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ग्लोबल एडल्ट टोबैको 2016-17 के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में 17.8 प्रतिशत वयस्क किसी न किसी रूप में तंबाकू का इस्तेमाल करते थे। इनमें 11.3 प्रतिशत लोग धूम्रपान करते थे, जबकि 8.8 प्रतिशत लोग गुटखा, खैनी और अन्य धुआं रहित तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल करते थे। सर्वे में 28 प्रतिशत वयस्कों ने सार्वजनिक जगहों पर दूसरे लोगों के तंबाकू के धुएं के संपर्क में आने की बात भी सामने आई थी।भारत में 15 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 26.7 करोड़ लोग तंबाकू का इस्तेमाल करते हैं। देश में हर साल लगभग 13.5 लाख मौतें तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण होती हैं।


बच्चों को बनाया जाएगा बदलाव का संदेशवाहक

प्रशासन की योजना में बच्चों और युवाओं की भूमिका अहम रहने वाली है। यमुना विहार क्षेत्र के स्कूलों में पहले से जागरूकता गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसके लिए टीमें लगाई गई हैं और लोगों को तंबाकू के नुकसान बताने के लिए रैलियां भी निकाली गई हैं। अब इन प्रयासों को गढ़ी मेंडू में स्थानीय जरूरत के हिसाब से आगे बढ़ाने की तैयारी है। इसका मकसद केवल बच्चों को तंबाकू के नुकसान बताना नहीं, बल्कि उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों तक संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित करना भी है।


घर-घर तक पहुंचेगा संदेश

गांव को तंबाकू मुक्त बनाने की पहल में स्थानीय आरडब्ल्यूए को भी जिम्मेदारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आरडब्ल्यूए की बैठकों में तंबाकू मुक्त गांव बनाने से संबंधित प्रस्ताव पारित कराए जाएं। इससे गांव के दोनों हिस्सों में रहने वाले लोगों को एक साझा उद्देश्य से जोड़ने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन

















गांव को तंबाकू मुक्त बनाने की पहल सराहनीय है। दोनों हिस्सों के लोगों को साथ लेकर जागरूकता अभियान चलाने में पूरा सहयोग देंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन के साथ भी बैठक हुई है।
राजू प्रधान, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष

करीब 4500 की आबादी वाले गांव में हर परिवार तक इस संदेश को पहुंचाना जरूरी है। युवाओं और बच्चों को अभियान से विशेष रूप से जोड़ेंगे।
मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष आरडब्ल्यूए

तंबाकू के नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ इसकी बिक्री पर भी निगरानी होनी चाहिए, तभी अभियान सफल होगा।
देवेंद्र, सचिव आरडब्ल्यूए

गांव के लोगों की सामूहिक भागीदारी से ही इसे तंबाकू मुक्त बनाया जा सकता है। आरडब्ल्यूए इस दिशा में ग्रामीणों को एकजुट करेगी।
गजेंद्र, आरडब्ल्यूए कोषाध्यक्ष

—मोहित
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें