दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत का मौसम इस सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ(डब्ल्यूडी) के प्रभाव से दो बार बिगड़ेगा।
मंगलवार को पहला पश्चिमी विक्षोभ आएगा जिससे पहाड़ों में बर्फ गिरेगी जबकि 20-21 फरवरी वाले दूसरे पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में बर्फबारी के साथ-साथ मैदानी इलाकों में बारिश होगी। इस सप्ताह में न्यूनतम तापमान एक-दो डिग्री घटेगा तो अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक वृद्धि की संभावना जताई गई है।
दिल्ली बारिश भी होगी और ठंड भी बढेगा
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली, मेरठ, आगरा, कानपुर के कुछ केन्द्रों पर कोहरे के कारण दृश्यता पचास मीटर से नीचे तक दर्ज की गई।
पहाड़ों में बर्फबारी हुई जबकि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। दिल्ली के डीयू और नजफगढ़ इलाके में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यूपी के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 3 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली समेत एनसीआर में दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 18-20 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3-4 डिग्री नीचे 7-9 डिग्री के बीच रहा। हवा में नमी की मात्रा 59-100 फीसदी के बीच रही।
सोमवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में सुबह के समय कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। वहीं 18 फरवरी को शुरू होने पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर में बर्फ गिरेगी।
21 फरवरी को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बढ़ेगी। वहीं 22 फरवरी को उत्तराखंड में बर्फ पड़ेगी। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी यूपी में भी इस दौरान हल्की बारिश होगी।