पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में सोमवार देर रात एक महिला ने पीसीआर वैन में बच्चे को जन्म दिया। आनन-फानन में वैन पर तैनात जवानों ने महिला को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बच्चे के जन्म के समय महिला का पति भी पीसीआर वैन में मौजूद था। परिवार ने समय से महिला व उसके बच्चे को पहुंचाने पर पुलिस टीम का धन्यवाद दिया है। पीसीआर की पुलिस उपायुक्त ईशा पांडेय ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 2.36 बजे पूर्वी जिले की पीसीआर टीम को कॉल मिली।
कॉलर ने बताया कि उसकी पत्नी को प्रसव पीढ़ा हो रही है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाना है। एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। सूचना मिलते ही पीसीआर वैन न्यू अशोक नगर, माता डेयरी के पास पहुंच गई। वहां महिला पति मिला। उसने पत्नी के बारे में बताया।
पुलिस ने तुरंत महिला को पति व बाकी रिश्तेदारों की मदद से महिला को पीसीआर में लिटाया। इस दौरान अस्पताल के रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। मां-बच्चे को पीसीआर ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि यदि महिला को लाने में देर होती तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पीसीआर कर्मियों की जमकर तारीफ की है।