बंगाल की खाड़ी में बने असानी चक्रवात का असर दिल्ली-एनसीआर में खत्म हो गया है। यही वजह है कि बुधवार को पारा 40 को पार कर गया। सूरज के तल्ख तेवरों की वजह से दिन भर लोगों का बुरा हाल रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 41.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 39 से 65 फीसदी रहा। दिन भर तेज धूप खिली रही व दिल्ली के बाहरी इलाकों में लू रिकॉर्ड की गई। नजफगढ़ इलाके में सबसे अधिक 43.3 व पीतमपुरा में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।