दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण यह इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। बीते साल अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 27 अप्रैल को 40.5 और वर्ष 2023 में 18 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि 2009 में 30 अप्रैल को और 2022 में 29 अप्रैल को तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
ऐसा देखा गया है कि अप्रैल के अंत में ही तापमान में बढ़ोतरी होती है लेकिन इस साल शुरुआत में ही गर्मी झुलसा रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार व बुधवार को भी तापमान 40-42 डिग्री के बीच रहने और लू चलने की भविष्यवाणी की है। वहीं आठ अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में दस्तक दे रहा है, इसका असर 9 से 11 अप्रैल तक रहेगा। इस कारण से दस अप्रैल को आंशिक बादल छाने की संभावना है। जिससे हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इससे तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट ही होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी।