ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में दूषित पानी पीने से 150 से अधिक निवासियों को पेट दर्द, उल्टी की शिकायत हो गई है। वहीं एक निवासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निवासियों की शिकायत पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने घरों में पानी की सप्लाई होने वाले इलाके का निरीक्षण किया है। इसके साथ ही पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण और मेंटेनेंस प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनके घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। वहीं इकोविलेज-एक में भी 10 से अधिक लोगों को पेट दर्द व उल्टी की शिकायत हुई है। सोसाइटी के निवासी संजय शर्मा ने बताया कि कई लोग ग्रुप पर बीमार होने की बात लिख रहे हैं। इसके साथ ही मेंटेनेंस विभाग की ओर से भी निवासियों को गंदे पानी के आने की सूचना दी गई है।