दिल्ली के साकेत कोर्ट ने शाहीन बाग में गोली चलाने वाले कपिल गुर्जर को 25 हजार के मुचलके पर जमानत दे दी। कपिल ने 1 फरवरी की शाम को शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन स्थल के पास फायरिंग की थी। दिल्ली पुलिस ने कपिल के जमानत याचिका का विरोध किया था।
बता दें कि आरोपी युवक ने दो फायर किए थे। मौके से गोली के दो खोखा बरामद किए गए थे। चूंकि वहां पर पुलिस का बैरिकेड लगा था, इसलिए आरोपी को तुरंत गिरफ्त में ले लिया गया था।
कपिल नोएडा के निकटवर्ती दल्लूपुरा इलाके का रहने वाला है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी वह युवक 'जय श्री राम' के नारे लगाता रहा था। जब युवक से यह पूछा गया कि उसने गोली क्यों चलाई है तो उसका कहना था कि हमारे देश में ये क्या हो रहा है। इतने दिन से सड़क बंद है, लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा। युवक ने अपना नाम कपिल गुर्जर बताते हुए कहा, हमारा देश हिंदू राष्ट्रवादी क्षेत्र है।
घटना के बाद खुफिया एजेंसी भी सतर्क हो गई थी। एजेंसी ने अपने स्तर पर आरोपी युवक के बारे में पता लगाया। कपिल बैंसला ने 15 जनवरी 2017 को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली थी। कपिल पर पहले आम आदमी पार्टी और फिर बसपा जैसे राजनीतिक दलों के साथ जुड़े रहने के भी आरोप लगे थे।
शाहनवाज को दो दिन की पुलिस हिरासत
दिल्ली की एक अदालत ने शाहनवाज को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। वह दिल्ली हिंसा के दौरान गोकलपुरी में हत्या के मामले में आरोपी है।शाहनवाज पर दिलबर नेगी की हत्या का आरोप है। 26 फरवरी नेगी का शव अनिल स्वीट हाउस, बृजपुरी में क्षत-विक्षत हालत में पाया गया था।