दिल्ली का माहौल रविवार शाम उस समय तनावपूर्ण गया जब कुछ जगहों पर हिंसा की अफवाह फैल गई। हिंसा होने की झूठी सूचनाएं आग की तरह फैलीं। इसके चलते कुछ जगह बाजार बंद हो गए, वहीं कई इलाकों में लोगों ने खुद को घरों में बंद कर लिया था तो कहीं लोग लाठी व डंडे देकर गलियों में पहरा देने लग गए।
जुआरियों को पकड़ने गई थी पुलिस
हुआ ये कि रौजारी गार्डन पुलिस जुआरियों को पकड़ने गई थी। पुलिस जुआरियों के पीछे भाग रही थी कि लोगों को लगा कि हिंसा हो गई है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने भाग रही है। इसके बाद हिंसा होने की अफवाह फैल गई थी। धीरे-धीरे ये अफवाह पूरी दिल्ली में फैल गई। जैतपुर में चोरी के आरोप में एक युवक को पीट दिया था, इस कारण वहां हिंसा की अफवाह फैल गई।
अफवाह फैलाना भी अपराध: दिल्ली पुलिस
पूरी दिल्ली में अफवाह फैलने के बाद दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि सभी जगह शांति है और स्थिति नियंत्रण में है। अफवाहों पर ध्यान न दें। पैनिक करने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। अफवाहें न फैलाए। अफवाह फैलाना भी अपराध है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, कुछ लोगों ने ख्याला और मदनपुर खादर में हिंसा होने की अफवाह फैला दी थी।